शनिवार, 16 जुलाई 2022

आईपीएस के डोमन सिंह

 संजय के. दीक्षित

तरकश, 10 जुलाई 2022

मंत्रियों की मुश्किलें

राज्य सरकार ने सभी विभाग प्रमुखों को लेटर भेज तीन साल में हुए ट्रांसफर की जानकारी मांगी है। इस पत्र से हड़कंप मच गया है। दरअसल, ट्रांसफर पर बैन लगा हुआ है। सिर्फ सीएम की अध्यक्षता वाली समन्वय समिति की अनुशंसा से ट्रांसफर हो सकते हैं। मगर कई मंत्रियों ने मनमानी चलाते हुए विभाग प्रमुखों के जरिये बड़ी संख्या में तबादले कर डाले। एक विभाग के बारे में जानकारी आ रही....एक हजार से अधिक ट्रांसफर बिना समन्वय के अनुमोदन के कर डाला। जीएडी के इस पत्र के बाद ऐसे मंत्रियों की बेचैनी बढ़ गई है। क्योंकि, सरकार भले कुछ न करें मगर कोई अगर कोर्ट चल दिया तो क्या होगा।

एसपी की छुट्टी क्यों?

सरकार ने जशपुर एसपी राजेश अग्रवाल को दो महीने में ही हटा दिया। राजेश के हटने का बड़ा कारण उन्हीं के बैचमेट और दोस्त विजय अग्रवाल को माना जा रहा है। दरअसल, जशपुर में विजय ने इतनी बड़ी लकीर खींच दी थी कि राजेश के लिए उससे पार पाना मुमकिन नहीं था। गांजा तस्करों द्वारा साधुओं को कुचलने की बर्बर घटना के अलावा वहां जितने भी न्यूसेंस हुए, विजय ने कुशलतापूर्वक हैंडिल किया। इसका ईनाम भी उन्हें जांजगीर एसपी की पोस्टिंग के रूप में मिला। अब राजेश से भी जशपुर के लोग वही उम्मीद कर बैठे। नहीं पूरा हुआ तो तीनों विधायकों ने चढ़ाई कर दी। वैसे, बता दें राजेश अग्रवाल का पहला जिला रायगढ़ था और वहां भी वे पौने चार महीने में ही खो हो गए थे। ऐसे में, गृह विभाग पर सवाल तो उठते ही हैं। रायगढ़ जैसा जिला डायरेक्ट आईपीएस को भी पहली बार में आज तक नहीं मिला...उसे प्रमोटी को दे दिया। और जब वहां वे अपना विकेट नहीं बचा पाए, तो फिर जषपुर जैसे संवेदनशील जिला उनके सुपूर्द क्यों कर दिया गया?

संतोष का जंप

ब्यूरोक्रेसी में छोटा या बड़ा जिला मैटर नहीं करता, ट्रेक पर बने रहना महत्वपूर्ण माना जाता है। सूबे में कई ऐसे कलेक्टर, एसपी हुए, जो बड़े जिले से छोटे जिले में गए और फिर वहां से जोरदार जंप लगाए। हाल में एसपी के फेरबदल में संतोष सिंह के साथ ऐसा ही हुआ। रायगढ़ जैसे जिले के बाद उन्हें कोरिया भेजा गया तो जाहिर है, उन्हें तकलीफ हुई होगी। मगर उन्हें सब्र का फल मिला। संतोष कोरिया से राजनांदगांव भेजे गए और फिलहाल छत्तीसगढ़ के टॉप के जिला कोरबा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे पहिले जीतेंद्र मीणा कोरबा के बाद बालोद गए और वहां से बड़ा जंप लगाते हुए जगदलपुर के एसएसपी। भोजराम पटेल कांकेर के बाद गरियाबंद और उसके बाद हवाई जहाज के टेकआफ की तरह कोरबा पहुंच गए। लिहाजा, जगदलपुर, रायगढ़, बिलासपुर जैसे जिले की कप्तानी करने के बाद बलौदा बाजार भेजे गए एसएसपी दीपक झा को मायूस नहीं होना चाहिए। बहरहाल, बात संतोष सेषुरू हुई थी तो बता दें वे भी बद्री नारायण मीणा के रिकार्ड की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। बद्री 9 जिले के एसपी रहे हैं। आखिरी जिला उनका दुर्ग था, जिसे आईजी बनने के पहले उन्होंने कंप्लीट किया। पुलिस अधीक्षक के रूप में संतोष का कोरबा सातवां जिला है। नारायणपुर, कोंडागांव, महासमुंद, रायगढ़, कोरिया, राजनांदगांव और अब कोरबा।

एक और आईएएस!

2008 बैच के आईएएस नीरज बंसोड़ डेपुटेशन पर जा रहे हैं। राज्य सरकार से उन्होंने एनओसी के लिए आग्रह किया था। सरकार ने ओके कर दिया है। एनओसी के बाद भारत सरकार में पोस्टिंग की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। बंसोड़ को सीनियरिटी के हिसाब से डायरेक्टर की पोस्टिंग मिलेगी। हालांकि, डायरेक्टर लेवल में अफसर केंद्र में जाना नहीं चाहते। इसकी वजह यह है कि डायरेक्टर रैंक में दिल्ली में सुविधाएं काफी कम है। छत्तीसगढ़ जैसे मलाई भी नहीं। डायरेक्टर लेवल में अमित कटारिया भी दिल्ली गए थे। नीरज फिलवक्त डायरेक्टर हेल्थ हैं। वे करीब दो साल से ये जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कोविड के दौरान भी नीरज के पास हेल्थ था। नीरज बैलेंस और लो प्रोफाइल में रहने वाले आईएएस अफसर माने जाते हैं। यही वजह है कि उन पर कभी उंगलिया नहीं उठी।

डबल डोमन सिंह

राज्य सरकार ने छह जिलों का एसपी बदल दिया। इसमें प्रफुल्ल ठाकुर का नाम लोगों को चौंकाया। प्रफुल्ल को अभी आईपीएस अवार्ड नहीं हुआ है। और चौथे जिले की कप्तानी मिल गई। वो भी राजनांदगांव जैसे जिले की। लोग इस पर चुटकी ले रहे हैं...उन्हें आईपीएस का डोमन सिंह कहा जा रहा है। आईएएस के डोमन सिंह सांतवे जिले का कलेक्टर बन देश में रिकार्ड बनाया है। डोमन प्रमोटी आईएएस हैं। और देश में किसी प्रमोटी ने चार जिले से अधिक कलेक्टरी नहीं की। डोमन सातवां कर रहे हैं। दिलचस्प यह है कि आईएएस और आईपीएस दोनों के डोमन सिंह राजनांदगांव में।

छत्तीसगढ़ भी पीछे नहीं

मीडिया में आईएएस टॉपर टीना डाबी की कलेक्टर पोस्टिंग की खबरें जमकर वायरल हो रही है। राजस्थान सरकार ने उन्हें जैसलमेर का कलेक्टर बनाया है। टीना 2016 बैच की आईएएस हैं। बता दें, कलेक्टरों की पोस्टिंग की दृष्टि से देखा जाए तो छत्तीसगढ़ भी पीछे नहीं है। टीना के बैच के राहुल देव को मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। निहितार्थ यह है कि कलेक्टरी में छत्तीसगढ़ भी पीछे नहीं।

राजधानी के बाद न्यायधानी

सौरभ कुमार छत्तीसगढ़ के तीसरे कलेक्टर होंगे, जिन्हें राजधानी के बाद न्यायधानी की कमान मिली है। उनसे पहिले सुबोध सिंह औरसोनमणि बोरा रायपुर के बाद बिलासपुर गए थे। सुबोध सिंह तो रायपुर से बिलासपुर गए और फिर दूसरी बार रायपुर के कलेक्टर बनाए गए। रायपुर में दो बार कलेक्टरी करने का रिकार्ड सुबोध के पास है। हालांकि, सुबोध को रायपुर कलेक्टर बनाने के कुछ महीने बाद सीएम सचिवालय बुला लिया गया था। सुबोध इसके बाद जब तक सरकार रही, रमन सिंह के सचिवालय में एक मजबूत स्तंभ के तौर पर रहे। वैसे, इस बात में आश्चर्य नहीं कि सौरभ कुछ हद तक सुबोध सिंह के ट्रेक को रिपीट करें। जाहिर है, आईटी के जानकार होने की वजह से पिछली सरकार ने उन्हें बिलासपुर कमिश्नर से चिप्स का सीईओ बनाकर रायपुर बुला लिया था। रायपुर कलेक्टर रहने के दौरान उनके सीएम सचिवालय जाने की अटकलें रही।

तीसरे कलेक्टर

सौरभ कुमार के साथ एक और रिकार्ड दर्ज हुआ है...छत्तीसगढ़़ के दूसरे ऐसे आईएएस होंगे, जो रायपुर, बिलासपुर नगर निगम के कमिश्नर रहे और फिर दोनों जिलों के कलेक्टर भी। उनसे पहले सोनमणि बोरा बिलासपुर और रायपुर के ननि कमिश्नर रहे और फिर कलेक्टर भी। हालांकि, ओपी चौधरी रायपुर ननि के कमिश्नर रहे और कलेक्टर भी। लेकिन, बिलासपुर में उन्होंने कोई पोस्टिंग नहीं की। बहरहाल, सोनमणि, ओपी और सौरभ से पहिले रायपुर का कोई निगम कमिश्नर रायपुर का कलेक्टर नहीं बन पाया। इसके बावजूद कि रायपुर का ननि कमिश्नर कई जिलों के कलेक्टरों से ज्यादा रुतबा रखता है। राजधानी में पोस्टिंग की वजह से सरकार से प्रगाढ़ता भी अच्छी हो जाती है।

पोस्टिंग या मजाक!

इस तरह के कारनामें एनआरडीए में ही संभव है...रिटायर हुआ छोटे पोस्ट से और संविदा में उससे बड़ी कुर्सी मिल जाए। दरअसल, एक सुपरिटेंडेंट इंजीरियर कुछ दिन पहले रिटायर हुए। एनआरडीए ने उन्हें संविदा पोस्टिंग दे दी। इसके साथ ही चीफ इंजीनियर का चार्ज भी। अब सीनियरिटी में जो एसई उनसे उपर थे, उन्हें अब अपने जूनियर को सलाम ठोकना पड़ रहा है।

अंत में दो सवाल आपसे

1. विधायकों की शिकायत के बाद किस कलेक्टर का विकेट निकट भविष्य में गिर सकता है

2. ऐसी क्या बात है कि कुछ आईएएस, आईपीएस इन दिनों बेहद घबराए हुए हैं?


सिकरेट्री जिम्मेदार क्यों नहीं?

संजय के. दीक्षित

तरकश, 17 जुलाई 2022

छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर पर बैन के बावजूद तीन साल में हजारों की संख्या में तबादले हो गए। बिना समन्वय की मंजूरी के। जबकि, नियमानुसार मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली समन्वय समिति के अनुमोदन के बाद ही ट्रांसफर होने चाहिए। लेकिन, अगर बाड़ ही खेत खा जाए तो क्या किया जा सकता है। कई विभागों के मंत्रियों और सचिवों ने नियमों को दरकिनार करते हुए बड़ा खेल कर डाला। एक विभाग में हजार से अधिक ट्रांसफर हो गए। ठीक है, समन्वय के बिना अनुमोदन ट्रांफसर हुए तो क्या विभागों के सचिवों को नहीं पता था कि ट्रांसफर पर बैन लगा है। आखिर, आदेश तो सिकरेट्री की हरी झंडी देने पर ही अंडर सिकरेट्री निकालते हैं। ऐसे में, सिकरेट्री की जिम्मेदारी नहीं बनती? सरकार ने अब तीन साल में हुए ट्रांसफर की जानकारी मंगाई है। कुछ विभागों की रिपोर्ट देखकर सरकार के अफसर दंग रह गए। तो क्या ऐसे सचिवों पर कार्रवाई होगी? सवाल तो उठते ही हैं।

खटराल पीए

सरकार पिछले दिसंबर से बोल रही कि मंत्रियों के निजी स्थापना में पोस्टेड अधिकारियों को दीगर दायित्वों से हटाया जाए। आठ महीने में जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो इस हफ्ते जीएडी सिकरेट्री डीडी सिंह ने सचिवों को फिर पत्र लिख 24 घटे के भीतर कार्रवाई कर अवगत कराने कहा। इसके बावजूद कई मंत्री अपने निजी सहायकों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं। एक डिप्टी कलेक्टर मंत्री के पीएस के साथ ही मलाईदार बोर्ड में बैठे हैं। मंत्रीजी ने उन्हें कह दिया है, कोई चिंता नहीं। एक आदिवासी मंत्री के निजी स्थापना में कार्यरत अधिकारी के पास चार-चार विभाग है। वे भी अपने प्रिय पीए को छोड़ने तैयार नहीं। यही स्थिति अमूमन मंत्रियों के साथ हैं।

3.1 फीसदी कमीशन का राज

एक मंत्री अपने डिप्टी कलेक्टर पीएस को इसलिए छोड़ने के लिए तैयार नहीं हो रहे कि उसका मुंह काफी छोटा है। मुंह छोटा का मतलब बेहद कम कमीशन लेना। उसने विभाग में होने वाले निर्माण कार्यो या सप्लायरों से 3.1 प्रतिशत कमीषन तय कर दिया है। तीन परसेंट मंत्रीजी को और प्वाइंट वन परसेंट खुद। मंत्रीजी के पास ईमानदारी से तीन परसेंट पहुंचा दिया जाता है। अब ऐसा पीएस कहां मिलेगा। कई पीएस एक परसेंट तक झटक लेते हैं।

बेचारा कलेक्टर!

हेडिंग पर आपत्ति हो सकती है...कलेक्टर बेचारा कैसे? मगर मुंगेली जैसे जिले के लिए ये शब्द एप्रोपियेट लगता है। एक तो छोटा-सा जिला...हंड्रेड परसेंट सूखा, न्यूसेंस उतने ही ज्यादा। डीएमएफ भी मात्र पांच करोड़। अब पांच करोड़ में कलेक्टर क्या खाएगा, क्या निचोड़ेगा। जिले के एक हिस्से में अचानकमार का टाईगर रिजर्व। तो एक बडा़ इलाका बेहद संवेदनशील। वहां कभी भी, कुछ भी हो सकता है। देखा ही आपने...जिला पंचायत के आईएएस सीईओ के साथ क्या हुआ। उपर से जिले के तीन विधायक...तीनों विपक्ष के और अनुभवी तथा सीनियर। एक तो नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक। दूसरे चार बार के सांसद और चार बार से अधिक के विधायक पूर्व मंत्री पुन्नूराम मोहिले। तीसरे तो और बड़े वाले...धाकड़ नेता धरमजीत सिंह। इनके उपर कलेक्टरी नहीं झाड़ी जा सकती। अब आपही बताइये, ऐसे जिले के कलेक्टर को और क्या कहा जाएगा?

पंगा नहीं

बात मुंगेली कलेक्टर राहुल देव की निकली है तो ये बताना लाजिमी होगा कि ब्यूरोक्रेसी में अगर पति-पत्नी दोनों आईएएस, आईपीएस हैं तो लोग पंगा लेने से बचते हैं। क्योंकि, एक नाराज हुआ तो फिर जाहिर है, उसके पति या पत्नी से दुष्मनी मोल लेनी पड़ेगी। ब्यूरोक्रेसी में ऐसे कपल काफी ताकतवर माने जाते हैं। मुंगेली कलेक्टर राहुल देव की पत्नी आईपीएस हैं। अंबिकापुर जैसे ब़ड़े जिले की एसपी। इसके बाद भी सूरजपुर के कांग्रेसियों ने गलत शिकायत करके जिला पंचायत पद से राहुल को निबटवा दिया। ठीक है...वक्त सबका आता है।

डीएमएफ से रैकिंग

छत्तीसगढ़ में डीएमएफ की मीनिंग बदल गई है। डीएमएफ मतलब डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड नहीं डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट फंड हो गया है। और इसी फंड से आजकल जिले की रैंकिंग तय की जा रही है। जिस जिले में डीएमएफ ज्यादा, वह सबसे बड़ा जिला। छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक कोरबा में डीएमएफ है, उसके बाद दंतेवाड़ा। और फिर रायगढ़। पहले बताया जाता था इतने ब्लाक का जिला है। अब पूछा जाता है, डीएमएफ कितना है। कलेक्टर भी यह बोलकर गर्वान्वित होते हैं कि हमारे जिले में इतना डीएमएफ है।

ब्यूरोक्रेसी का हफ्ता

पिछला हफ्ता छत्तीसगढ़ की नौकरशाही के लिए अच्छा रहा। डीजीपी अशोक जुनेजा केंद्र में डीजी इम्पेनल किए गए। विश्वरंजन के बाद डीजी इम्पेनल होने वाले वे छत्तीसगढ़ के दूसरे आईपीएस होंगे। उधर, आईएएस में एडिशनल चीफ सिकेरट्री रेणु पिल्ले भारत सरकार में सिकरेट्री इम्पेनल हुईं। वहीं, 2005 बैच के दो आईएएस ज्वाइंट सिकरेट्री इम्पेनल किए गए। इस बैच की संगीता आर और एस प्रकाश पहले ही ज्वाइंट सिकरेट्री इम्पेनल हो चुके हैं। हालांकि, 2005 बैच में कुछ प्रमोटी आईएएस भी हैं लेकिन, उनका नम्बर नहीं लगा। वैसे भी प्रमोटी आईएएस में केंद्र में ज्वाइंट सिकरेट्री इम्पेनल होने वालो में दो ही अफसर रहे हैं। एक दिनेश श्रीवास्तव और दूसरे डीडी सिंह।

राज्यपाल सहमत नहीं

राज्य सरकार ने रोजगार मिशन और मितान क्लब के संचालन के लिए स्टाम्प ड्यूटी पर एक फीसदी उपकर लगाने के लिए अध्यादेश लाया था। इसे कैबिनेट से मंजूरी मिल गई थी। लेकिन, राज्यपाल अनसुईया उइके इस पर सहमत नहीं हुई। उन्होंने अध्यादेश को लौटा दिया। हो सकता है सरकार अब इसे विधानसभा के मानसून सत्र में पेश करें। विधानसभा में सरकार के पास बहुमत भी है, पास कराने में कोई दिक्कत नहीं होगी।

मंत्री की मीटिंग

एक मंत्री अपने जिले में अधिकारियों की मीटिंग लेनी चाही। इसके लिए उनका स्टाफ जिला प्रशासन से संपर्क किया। मीटिंग का टाईम तय हो गया और आदेश भी निकल गया। इसके कुछ देर बार अपर कलेक्टर ने दूसरा आदेश निकालकर मीटिंग केंसिल कर दी। इससे ये सवाल पैदा नहीं होता कि जिला प्रशासन मंत्री को खामोख्वाह सहानुभूति अर्जित करने का मौका नहीं दे रहा है। मंत्री भी कम चतुर थोड़े ही हैं, अभी से जनता क बीच माहौल बनाना शुरू कर दिए हैं।

अंत में दो सवाल आपसे

1. मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत विभाग का त्याग करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, सरकार ने अगर इसे स्वीकार नहीं किया तो संवैधानिक प्रक्रिया क्या होगी?

2. किस विभाग में मंत्री के भाई को पूरा काम मिल रहा है?


रविवार, 26 जून 2022

कलेक्टरों की बड़ी सूची

 संजय के. दीक्षित

तरकश, 26 जून 2022

कलेक्टरों की बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर की चर्चाएं फिर शुरू हो गई है। दावे तो यहां तक किए जा रहे कि जुलाई के पहले हफ्ते तक सरकार लिस्ट जारी कर देगी। असल में, कलेक्टरों का ट्रांसफर विधानसभा के बजट सत्र के बाद से ही चर्चा में है। तब मुख्यमंत्री के विस दौरे की वजह से टल गया। अब बस्तर और सरगुजा संभाग में सीएम के भेंट-मुलाकात के कार्यक्रम करीब-करीब पूरे हो गए हैं। जशपुर जिला भी आज निबट जाएगा। बचेगा सिर्फ सरगुजा और कोरिया विधानसभा। बाकी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कलेक्टरों का पारफारमेंस परखने सरकार को वहां जाने की जरूरत नहीं। इन जिलों में मुख्यमंत्री के दौरे होते रहते हैं और उनके फीडबैक भी सरकार को मिलते रहते हैं। बेशक, लिस्ट इस बार काफी बड़ी होगी। 28 में से 18 से अधिक जिलों के कलेक्टर बदल जाएं, तो अचरज नहीं।

रजत रायपुर?

कलेक्टरों को लेकर ब्यूरोक्रेसी में जिस तरह की अटकलें चल रही...2012 बैच के आईएएस और बस्तर कलेक्टर रजत बंसल को राजधानी रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। रजत रायपुर नगर निगम के कमिश्नर रहे हैं। फिर, रायपुर में कोई भी कलेक्टरी नहीं कर सकता। यहां ऐसे अफसर चाहिए, जो सबको लेकर चल सकें। रुलिंग पार्टी को वेटेज दे ही, अपोजिशन को भी बैलेंस कर चले। कुल मिलाकर रजत का नाम रायपुर के लिए सबसे उपर चल रहा है। वैसे भी, बस्तर के सात में से पांच जिलों के कलेक्टर बदले जाने के संकेत हैं। बदलने वालों में पांचों संभागीय मुख्यालयों याने जगदलपुर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा के कलेक्टर भी शमिल होंगे। सूबे के सबसे सीनियर कलेक्टर भीम सिंह की रायगढ़ से वापसी होगी। तो रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार, बिलासपुर कलेक्टर डॉ0 सारांश मित्तर, अंबिकापुर कलेक्टर संजीव झा, दंतेवाड़ा कलेक्टर दीपक सोनी को ठीक ठाक जिला मिल सकता है। कुल मिलाकर सरकार इस बार अगले साल चुनाव को देखते कलेक्टरों के नाम के पत्ते फेटेंगी। इस बार जो कलेक्टर अपाइंट होंगे, उनमें से कोई अगर हिट विकेट नहीं हुआ, तो वे ही विधानसभा चुनाव कराएंगे। ऐसे में, लिस्ट की संजीदगी समझी जा सकती है।

नया काम...बिल्कुल नहीं

कलेक्टरों का ट्रांसफर अब इसलिए भी अपरिहार्य हो गया है कि संभावित लिस्ट में शामिल कलेक्टरों ने पिछले कुछ महीनों से खुद को समेट लिया है। नए काम....बिल्कुल नहीं। मैदानी इलाकों के कलेक्टरों को मालूम है, मुख्यमंत्री का भेंट-मुलाकात भी अब बरसात के बाद ही होगा। सो, चिंता नहीं। दरअसल, 28 में करीब 15 कलेक्टरों को अच्छी तरह पता है कि उन्हें हटना ही है। भले ही जिला बदलेगा...फिर पुराने जिले में क्यों...नए जिले में जाकर जो करना होगा, करेंगे।

कलेक्टरों की प्रायरिटी

छत्तीसगढ़ के कलेक्टरों के कामकाज को इनोवेशन और प्रधानमंत्री अवार्ड ने बड़ा खराब किया...वरना, हमारे कलेक्टर ऐसे नहीं थे। खासकर, पिछले दशक में कलेक्टरों की लाईन, लेंग्थ एकदम बदल गई। सिर्फ और सिर्फ इनोवेशन...और उसे किसी तरह दिल्ली तक पहुंचाओ। इस चक्कर में मूल काम पीछे छूट गया। कलेक्टर लगे बिल्डिंग बनवाने। जबकि, कलेक्टरों का पहला काम है जनता की समस्याओं को कम करना और सरकार के लिए रेवन्यू बढ़ाना। इसे छोड़ कलेक्टर अपना रेवन्यू बढ़ाने लगे। बिल्डिंग बनाना पीडब्लूडी का काम है। सवाल उठते हैं, डीएमएफ का पैसा फूंक कलेक्टरों को पीठ थपथपाने का मौका क्यों दिया जाए। सरकार को इसे संज्ञान लेना चाहिए।

बुरे दिनों में प्रमोटी

एक समय था जब प्रमोटी कलेक्टरों की संख्या कुल कलेक्टरों से आधे के करीब होती थी। इस सरकार में भी शुरू में 27 में 12 कलेक्टर प्रमोटी हो गए थे। मगर धीरे-धीरे प्रमोटी कलेक्टरों का पराभाव होने लगा...डायरेक्ट याने रेगुलर रिक्रूट्ड आईएएस भारी पड़ने लगे। पांच नए को मिला लें, तो छत्तीसगढ़ में जिलों की संख्या 33 हो गई है। नए जिलों के ओएसडी में भी डायरेक्ट आईएएस को प्राथमिकता मिली। इस वक्त बस्तर संभाग के सात जिलों में एक भी प्रमोटी नहीं हैं। जबकि, पहले सात में से कम-से-कम दो कलेक्टर प्रमोटी होते थे। रायपुर संभाग के सिर्फ बलौदाबाजार में डोमन सिंह प्रमोटी का झंडा उठाए हुए हैं। सबसे अधिक तीन कलेक्टर दुर्ग संभाग में हैं। तारन सिनहा राजनांदगांव, जनमजय मोहबे बालोद और रमेश शर्मा कवर्धा। बिलासपुर संभाग में जांजगीर में जितेंद्र शुक्ला। सरगुजा संभाग के सूरजपुर में इफ्फत आरा। याने 33 में छह प्रमोटी। हालांकि, इलेक्शन ईयर में प्रमोटी कलेक्टरों की संख्या बढ़ती है। दरअसल, चुनावी साल में प्रमोटी सरकारों के लिए ज्यादा उपयोगी होते हैं। डायरेक्ट वाले हवा का रुख भांपकर तेवर दिखाने लगते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा, अबकी लिस्ट में कितने प्रमोटी को मौका मिलता है।

उप राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ से?

राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही अगले महीने उप राष्ट्रपति चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। और अगस्त में देश को नए उप राष्ट्रपति मिल जाएंगे। नए उप राष्ट्रपति के लिए छत्तीसगढ़ बीजेपी के बड़े नेता और इस समय झारखंड के राज्यपाल का दायित्व निभा रहे रमेश बैस का नाम भी चर्चा में है। बैस रायपुर से लगातार सात बार सांसद रह चुके हैं। अटलबिहारी बाजपेयी सरकार में केंद्र में मंत्री भी। पिछले लोकसभा चुनाव में बैस को लोकसभा का टिकिट नहीं मिला। मगर बाद में उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया। फिर उसके बाद झारखंड का। बैस कुर्मी समाज से आते हैं। राष्ट्रपति आदिवासी महिला और उप राष्ट्रपति ओबीसी में दबदबा रखने वाले कुर्मी समाज से...जाहिर है 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इसका स्वाभाविक लाभ मिलेगा। बता दें, देश में लोकसभा की ट्राईबल रिजर्व सीटों की संख्या 47 और विधानसभा की 485 हैं।

रिटायर्ड...पर पद बरकरार

ठाकुर राम सिंह राज्य निर्वाचन आयुक्त पद से पिछले महीने रिटायर हो चुके हैं। लेकिन, उनकी कुर्सी अब भी बरकरार है। आप पूछेंगे कैसे? तो राज्य निर्वाचन के नियम है कि नए आयुक्त की ताजपोशी होने तक पुराने आयुक्त पद पर बने रहेंगे। हालांकि, इसकी समय सीमा है। अधिकतम छह महीने तक। छह महीने के भीतर सरकार को नया आयुक्त हर हाल में नियुक्त करना होगा। तब तक रिटायरमेंट के बाद भी राम सिंह पद पर बनें रहेंगे।

डीडी सिंह की ताजपोशी?

नए राज्य निर्वाचन आयुक्त के लिए रिटायर्ड आईएएस डीडी सिंह का नाम सबसे प्रमुख है। डीडी पिछले साल रिटायर होने के बाद संविदा में सिकरेट्री टू सीएम हैं। हो सकता है, मुख्यमंत्री की व्यस्तता की वजह से डीडी सिंह का आदेश नहीं निकल पा रहा हो। मगर अब संकेत मिल रहे हैं, जशपुर की भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के बाद सरकार कुछ करें। राज्य निर्वाचन आयुक्त का कार्यकाल छह बरस का है। याने डीडी को रिटायर हुए एक साल हो गया है। अभी अगर उनकी पोस्टिंग हो गई तो वे पांच साल और इस पद पर रहेंगे। याने 2027 तक।

ठगी पर चुटकी

स्वास्थ्य और पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव की तरफ से पिछले हफ्ते थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस पर सियासत और मीडिया के लोग चुटकी ले रहे हैं...बाबा ने किस ठगी की रिपोर्ट लिखाई हैं....?

लॉ एंड आर्डर बोले तो...

रायपुर पुलिस ने शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अधिकारी की डायरी कांड का भले ही कर्मकांड कर अफसर को जेल भेज दिया। मगर स्कूल शिक्षा विभाग के कारनामे कम होने का नाम नहीं ले रहे। पोस्टिंग से लेकर, डेपुटेशन, अटैचमेंट, खरीदी, सप्लाई, हर चीज में पैसा। शिक्षा विभाग के खटराल अधिकारियों ने बकायदा कोड वर्ड बना लिया है...यह कहकर इशारा किया जाता है लॉ एंड आर्डर। इसका मतलब ला और आर्डर। याने लाऔ और आर्डर ले लो। गजबे है भाई।

डीएम का खौफ क्यों नहीं?

जशपुर में टीसी के बदले पैसे और बकरा मांगने वाले स्कूल की मान्यता डीईओ ने निरस्त कर दिया है। इसमें खबर यह है कि मुख्यमंत्री के जशपुर दौरे से एक दिन पहले किया गया। ऐसा क्यों? सीएम का दौरा नहीं होगा, तो कार्रवाई नहीं होगी। आखिर, जिलों के कलेक्टरो का खौफ क्यों नहीं? कलेक्टरों से विभाग के अधिकारी क्यों नहीं चमकते। असल में, एकाउंटबिलीटी की समस्या है। चीफ सिकरेट्री अगर जिम्मेदारी तय करने कोई स्पश्ट नियम बना दें तो कुछ तो सिस्टम सुधरेगा।

अंत में दो सवाल आपसेरजत 

1. जिले के किस पुलिस अधिकारी के बंगले पर लजीज भोजन पकाने के लिए दिल्ली से शेफ हायर किया गया है?

2. क्या जल्द ही किसी बड़े अधिकारी का विकेट गिर सकता है क्या?


रविवार, 19 जून 2022

यहां का मैं कलेक्टर

 संजय के. दीक्षित

तरकश, 19 जून 2022

नए जिलों के कई ओएसडी कलेक्टर बनने से पहले ही गुल खिलाने लगे हैं। पिछले तरकश में हमने कुछ वाकयों का जिक्र किया था। उनमें एक ये भी...एक ओएसडी ने रजिस्ट्री से पहले जमीन की चौहदी लिखवाना अनिवार्य कर पटवारियों की कमाई का एक और रास्ता ओपन कर दिया। तरकश के इस खबर पर वहां के कलेक्टर ने रजिस्ट्री अधिकारी को फोन पर क्लास लिया। पूछा, किसने आदेश दिया तुम्हें। रजिस्ट्री अधिकारी ने कहा, ओएसडी साब ने कहा था। बोले...यहां का कलेक्टर अब मुझे ही समझो। इस पर कलेक्टर विफर पड़े...जिला बना नहीं और वो कलेक्टर कैसे बन गया...यहां का अभी मैं कलेक्टर हूं...पटवारी से चौहदी वाला इमिडियेट बंद करो। पता चला है, कलेक्टर की फटकार के बाद चौहदी लिखवाने वाला क्लॉज हटा दिया गया है। अब बिना चौहदी लिखवाए जमीनों की फिर से रजिस्ट्री होने लगी है। अब पटवारी बिलबिला रहे हैं, ओएसडी साब के पीछे इतना खरचा-पानी किए, सब बेकार गया।

छत्तीसगढ़ के पटवारी

पिछले हफ्ते जांजगीर से खबर थी....तीन पटवारी रंगरेलिया मनाते धरे गए। पकड़ने वाले भी कोई और नहीं, उन्हीं में से एक पटवारी की पत्नी थी। पति के बारे में जैसे ही पता चला, आस-पड़ोस के लोगों को लेकर धमक गई महिला के घर। वहां एक नहीं, तीन पटवारी पाए गए। तीनों की जमकर धुनाई हुई। हालांकि, बात ये भी सही है...छत्तीसगढ़ में पटवारी इतना पईसा पिट रहे...आखिर उसे खर्च कहां करें।

वेटिंग कलेक्टर, एसपी

जाहिर है, जनगणना के लिए प्रशासनिक सीमाओं को फ्रीज करने की सीमा 30 जून तय की गई थी। याने इसके बाद जिलों के स्वरूप में कोई छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। ऐसे में, छत्तीसगढ़ सरकार ने पांच नए जिलों का ऐलान किया है, उसे 30 जून से पहले हर हाल में अमल में लाना पड़ता। मगर अब प्रशासनिक सीमाओं को फ्रीज करने की मियाद 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। याने सरकार को अब नए जिलों के गठन की कोई हड़बड़ी नहीं। अब 31 दिसंबर तक के लिए वो फ्री है। मगर पांचों जिलों के वेटिंग कलेक्टर और वेटिंग एसपी की बेचैनी समझी जा सकती है। जिले का गठन होगा, तभी कलेक्टर, एसपी बन पाएंगे। लेकिन, अब लगता है, दिल्ली अभी दूर है।

एसपी के घर चोरी

छत्तीसगढ़ के एक पुलिस कप्तान के पैतृक घर में पिछले हफ्ते चोर घुस गए। कप्तान के पैरेंट्स अंबिकापुर में रहते हैं। पारिवारिक शादी में वे बाहर गए थे, तभी चोरों ने धावा बोल दिया। इसमें खबर यह नहीं है कि एसपी के घर चोरी हो गई। खबर यह है कि चोरों को मायूस होकर हाथ मलते लौटना पड़ा। असल में, सूबे में इक्के-दुक्के ही सही, कुछ आईपीएस हैं, जो वर्दी और ओहदे का मान बचाकर रखे हुए हैं। तीन जिले के एसपी रहने के बाद भी कभी उंगली नहीं उठी। ऐसे एसपी के घर भला क्या मिलेगा।

व्हाट एन आइडिया!

छत्तीसगढ़ में एक ऐसा जिला है, जहां शहर के लगभग हर थाने में आपको फ्रीज मिल जाएगा। फ्रीज इसलिए कि जिले के कप्तान साब चिल्ड बियर पीने के शौकीन हैं। गश्त में भी उनकी गाड़ी में रोस्टेड काजू, बादाम रखा होता है। थानेदारों को कभी भी फारमान....10 मिनट में भिजवाओ। अब गरमी के दिन में शराब दुकानों में चिल्ड बियर कहां संभव है। सो, थानेदारों ने साब को खुश करने का रास्ता निकाला....थाने में फ्रीज और उसमें दर्जन भर बियर के कैन। साब के यहां फोन आता है और चिल्ड आइटम हाजिर। थानेदारों को सैल्यूट करना चाहिए और एसपी साहब को भी...क्या आइडिया निकाला। ़

इधर भी राहुल, उधर भी...

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए गया सप्ताह काफी हैट्रिक रहा। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम भी एक दिन के लिए सिर्फ पत्थलगांव विधानसभा का हो पाया। जशपुर का केंसिल करना पड़ा। दरअसल, राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के सिलसिले में उन्हें दो बार दिल्ली जाना पड़ा। तो उधर, पिहरीद में मिशन सेव राहुल ने भी सिस्टम को खूब छकाया। चार दिन और चार रात के बाद राहुल को बोरवेल से बाहर निकाला जा सका। सीएम इस पर लगातार नजर रखे रहे। वे खुद जिला प्रशासन के अधिकारियों के संपर्क में रहे तो राहुल के माता-पिता से वीसी के जरिये बात कर हौसला बढ़ाया। दिल्ली से लौटने पर राहुल को देखने वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे बिलासपुर गए। अगले दिन उन्होंने राहुल के बचाव कार्य में लगे लोगों को सम्मानित किया। तो उधर दिल्ली में राहुल के बचाव में उन्होंन सड़क पर धरना दिया। एक राहुल अपनी जीवटता और सरकार की मुस्तैदी से बच गया। अब देखना है, दिल्ली के राहुल ईडी से छुटकारा कैसे पाते हैं।

मीडिया माइलेज

राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा, उसमें सीएम भूपेश बघेल को खासा मीडिया माइलेज मिला। दरअसल, कांग्रेस के पास सीनियर नेता ज्यादा बचे नहीं हैं। और जो हैं, उनमें पहले जैसे दमखम नहीं। कांग्रेस के पास इस वक्त दो ही मुख्यमंत्री हैं। अशोक गहलोत और भूपेश बघेल। गहलोत सीनियर हो चुके हैं, फ्रंटफुट पर खेलने वाले बचे भूपेश। यही वजह है, नेशनल मीडिया में सिर्फ भूपेश बघेल को सबसे अधिक वेटेज मिला। वो ईडी दफ्तर तक मार्च हो या फिर धरना स्थल, फोकस में भूपेश रहे। दिल्ली पुलिस ने भूपेश के काफिले को सड़क पर रोका, उस पर भी जमकर बवाल हुआ...केंद्र के खिलाफ उन्होंने तीखे तेवर दिखाए। कह सकते हैं, ईडी के खिलाफ प्रदर्शन से कांग्रेस की केंद्रीय राजनीति में भूपेश का वजन बढ़ा है।

कैडर रिव्यू

आईएएस का कैडर रिव्यू प्रपोजल भारत सरकार को चला गया है। अब आईपीएस की बारी है। आईपीएस का कैडर रिव्यू मई 2017 में हुआ था। सो, पांच बरस हो गया है। पता चला है, पीएचक्यू ने कैडर रिव्यू की फाइल तैयार कर ली है। एकाध हफ्ते में गृह विभाग को प्रपोजल भेज दिया जाएगा। गृह विभाग फिर उसे मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर को भेजेगा। छत्तीसगढ़ में अभी आईपीएस के 142 का कैडर है। इनमें डीजी के दो, एडीजी के सात, आईजी के 11, डीआईजी के 12 पद शामिल हैं। अब पांच जिले और बढ़ गए हैं। यानी पांच एसपी के पद चाहिए। नक्सल प्रभावित स्टेट और पांच नए जिले का हवाला देते हुए पुलिस मुख्यालय अबकी कैडर की संख्या 200 से ज्यादा करने की मांग करेगा। सीधा सा हिसाब है 200 की डिमांड होगी तो पौने दो सौ के करीब मिल जाएगा।

पुरंदेश्वरी का हंटर

पुरंदेश्वरी पिछले साल छत्तीसगढ़ बीजेपी की प्रभारी बनी थी तब भाजपा के भीतर ही दावे किए गए थे, अमित शाह ने पार्टी को ठीक करने भेजा है, अब सब कुछ बदल जाएगा। पुरदेश्वरी ने तब तेवर भी दिखाईं थीं। जगदलपुर चिंतन शिविर में हारे हुए मंत्रियों और बड़े नेताओं की इंट्री नहीं होने दी। इसके बाद फिर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश आए। शिवप्रकाश की अनुशासन की खूब दुहाई दी गई। मगर पार्टी की स्थिति वही...ढाक के तीन पात वाली ही है। राजधानी में हुई कार्यसमिति की बैठक में शिवप्रकाश और पुरंदेश्वरी की मौजूदगी में नेताओं की तल्खी फ्लोर पर आ गई। अब बीजेपी कार्यकर्ता पूछ रहे हैं, किधर हैं पुरंदेश्वरी के हंटर...? पुरंदेश्वरी के हंटर की स्थिति ये है कि विस चुनाव हारे हुए गौरीशंकर अग्रवाल को जगदलपुर चिंतन शिविर में प्रवेश नहीं मिला। मगर बाद में वे सबसे ताकतवर कोर कमेटी के मेम्बर बन गए।

डीआईजी की नौकरी

20 हजार रुपए के सागौन लकड़ी के चक्कर में बेचारे केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के एक डीआईजी को नौकरी गंवानी पड़ गई। छत्तीसगढ़ के नक्सल इलाके में पोस्टेड डीआईजी साहब घर के लिए सागौन का फर्नीचर बनवाना चाहते थे। उन्होंने इसके लिए ट्रक लेकर जवानों को नक्सल इलाके में किसी ठेकेदार के डिपो में भेज दिया। इसकी शिकायत हो गई। यह भी कि चार जवानों की जान आपने खतरे में डाला। नोटिस को देखकर डीआईजी साब समझ गए कि नौकरी गई। उन्होंने फौरन वीआरएस के लिए अप्लाई कर दिया। उपर वालों ने भी इस मामले में सदाशयता दिखा दी। वरना, वीआरएस भी संभव नहीं होता।

अंत में दो सवाल आपसे

1. क्या राष्ट्रपति चुनाव में छत्तीसगढ़ से भी कोई प्रत्याशी हो सकता है?

2. आम आदमी पार्टी में छत्तीसगढ़ के एक बड़े नेता की इंट्री की खबर में कितनी सत्यता है?


रविवार, 12 जून 2022

पूर्व आईएएस पर मुकदमा

 संजय के. दीक्षित

तरकश, 12 जून 2022

पूर्व आईएएस और बीजेपी नेता ओपी चौधरी पर कोरबा पुलिस ने फर्जी वीडियो वायरल करने के आरोप में गैर जमानती मुकदमा दर्ज किया है। इस धारा में तीन साल की सजा का प्रावधान हैं। इस एक ट्विस्ट और है...वह यह कि एफआईआर दर्ज करने वाली कोरबा पुलिस के कप्तान भोजराम पटेल हैं। ओपी और भोज दोनों खरसिया के पास अगल-बगल के गांव से हैं। दोनों अघरिया कुर्मी। पारिवारिक पृष्ठभूमि भी लगभग एक जैसी। दोनों के पिता बचपन में गुजर गए...मां ने पालन-पोशण कर देश की सबसे बड़ी सर्विस के काबिल बनाया। जाहिर है, दोनों में रिश्ते भी परिवार जैसे हैं। मगर रिश्ते पर कर्तव्य भारी पड़ गया। भोज ने कोरबा की माता मड़वा रानी को प्रणाम कर ओपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने थानेदार को आदेश दे दिया।

जिम्मेदारी तय हो

जांजगीर के मालखरौदा में राहुल बोरवेल में गिर गया। राहुल को बचाने सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। 24 घंटे से पूरा प्रशासन मौके पर डटा हुआ है। एनडीआरएफ से लेकर सेना के एक्सपर्ट कल रात से कैंप कर रहे हैं। प्रदेश के लोग मिशन सेव राहुल के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। लेकिन, इसके साथ कुछ सवाल भी उठते हैं। देश में आपरेशन प्रिंस के बाद बोरवेल में गिरने के 50 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन, कभी किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई। ऐसा क्यों? क्या उस गांव के सरपंच या किसी सरकारी एजेंसी का फर्ज नहीं बनता था कि बोरवेल खुदाई की गई है तो उसे जाकर एक बार चेक कर लें कि उसे प्रॉपर ढका गया है कि नहीं...लोगों को मोटिवेट करें। अब समय आ गया है कि इस तरह की घटनाओं से बचने जिम्मेदारी तय किया जाए।

हमारा बजाज...

आईएफएएस एसएस बजाज इस महीने 31 को रिटायर हो जाएंगे। बजाज फिलवक्त लघु वनोपज संघ के एडिशनल एमडी हैं। कुछ महीने पहले ही वे पीसीसीएफ प्रमोट हुए थे। मूलतः कुनकुरी के रहने वाले बजाज रायपुर इंजीनियरिंग कालेज से बीई किए और फिर आईएफएस बनें। बजाज को नवा रायपुर का शिल्पी कहने में कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। बाहर से आने वाले अपने गेस्ट को हम चौड़ी और स्मूथ सड़कें दिखाने नवा रायपुर ले जाते हैं...वह बजाज की देन है। जमीन अधिग्रहण से लेकर टेंडर और फिर रोड का निर्माण, उनकी देखरेख में हुआ। मंत्रालय और एचओडी बिल्डिंग भी उनका ही बनाया है। करीब 15 सौ करोड़ में 145 किमी फोर लेन सड़क बनी और मंत्रालय, एचओडी बिल्डिंग...लेकिन, बजाज पर कोई आंच नहीं आई। सहज, सरल, ग्रास रुल लेवल के अफसर माने जाने वाले बजाज पर कभी अफसरी हॉवी नहीं हो पाई। ग्रह-नक्षत्र की वजह से वे सस्पेंड हुए मगर बाद में उनके लिए कैबिनेट में पीसीसीएफ का स्पेशल पद क्रियेट कर सरकार ने उन्हें पीसीसीएफ बनाया। वन विभाग में अटकलें लगाई जा रही....बजाज को रिटायरमेंट के बाद लघु वनोपज संघ में संविदा पोस्टिंग मिल सकती है। चर्चा को बल इसलिए मिल रहा कि एमडी संजय शुक्ला देर-सबेर पीसीसीएफ बनकर जाएंगे तो संघ का व्यापक काम चल रहा, उसे कंटिन्यू रखने बजाज जैसा कमिटेड अफसर चाहिए। पर यह पूरा निर्भर करेगा इस बात पर कि सरकार क्या चाह रही।

छह महीने के कलेक्टर

पांच नए जिलों में ओएसडी की नियुक्ति के बाद सभी जगहों पर नए जिला मुख्यालयों की तैयारी जोर-शोर से प्रारंभ हो गई है। इसके साथ कुछ जगहों से शिकायतें भी आनी शुरू हो गई है। एक ओएसडी ने पटवारी राज को मजबूत करने अपने इलाके में जमीनों की रजिस्ट्री से पहले पटवारी से चौहद्दी लिखवाना अनिवार्य कर दिया। जबकि, उन्हें पता है कि ये नियम उनके पुराने जिले में लागू नहीं है और मुख्यमत्री लगातार कोशिश कर रहे हैं कि आम आदमी को पटवारियों का चक्कर लगाने से कैसे बचाया जाए। एक ओएसडी ने कलेक्टर बनने से पहले बैटिंग शुरू कर दी है। तो एक का वर्तमान कलेक्टर के साथ खटर पटर चालू हो गया है। आलम ये, कि दो ओएसडी के बारे में अभी से दावे और सवाल किए जाने लगे हैं...कलेक्टर बनने के बाद वे छह महीने से ज्यादा पिच पर टिक पाएंगे? अब देखना दिलचस्प होग कि ये दावे सही उतरते हैं या गलत।

नए जिलों में काम ठप

ओएसडी कलेक्टर कब बनेंगे ये अलग विषय है मगर यह सही है कि नए जिलों के हिस्से में जो एरिया आया है, वहां कामधाम बहुत अच्छा नहीं है। वजह यह कि ओएसडी अपने को कलेक्टर जैसे आचरण कर रहे....वे नहीं चाहते कि वर्तमान कलेक्टर उनके इलाके में अब दौरा करें। और कलेक्टरों को भी लगता है, आज नहीं तो कल ये कलेक्टर बन ही जाएंगे तो फिर खामोख्वाह पंगा क्यों लिया जाए। सो, ओएसडी को कोई पावर नहीं है और कलेक्टर अपने को अपने इलाके में समेट लिए हैं। इससे नए जिलों के कामकाज पर असर पड़ रहा है।

मरकाम की विदाई?

क्या इस महीने पीसीसी चीफ मोहन मरकाम की विदाई हो जाएगी....यह हम नहीं कह रहे...मरकाम ने कुछ जगहों पर भाषण में खुद ही 29 जून का डेट बताकर कार्यकर्ताओं को वोट फॉर थैंक्स कर रहे हैं। बिलासपुर के दौरे में दो जगहों पर मरकाम ने कहा कि 29 जून को उनका कार्यकाल खतम हो जाएगा। सवाल उठता है बिना चुनाव हुए वे पद छोड़ेंगे कैसे और खुद वे इसे कैसे कर सकते हैं। हो सकता है अगले साल चुनाव को देखते मरकाम जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहते हो। कांग्रेस के लहर में पिछला चुनाव उन्होंने 800 वोटों से निकाला था। इस बार कहीं कोई दिक्कत हुई तो अच्छा भला कैरियर खतरे में पड़ जाएगा।

राडार पर कलेक्टर

सीएम के भेंट मुलाकात कार्यक्रम में एक आईएफएस सस्पेंड हो चुके हैं। सूरजपुर दौरे में वहां के डीएफओ मनीश कश्यप को मुख्यमंत्री ने निलंबित कर दिया। वहीं, आईएएस सीईओ राहुल देव का ट्रांसफर। सुनने में आ रहा...एक कलेक्टर और एसपी की शिकायतें सरकार के पास पहुंच रही। सो, कोई आश्चर्य नहीं कि भेंट-मुलाकात के कार्यक्रम में शिकायत मिलने पर वे सरकार के राडार पर आ जाएं।

कैलकुलेटर वाले एसपी

कुछ अरसा से सूबे के कई एसपी पोलिसिंग का मतलब क्राईम और वीवीआईपी ड्यूटी समझने लगे थे। इसके अलावा और कुछ नहीं। पुलिस से रिलेटेड दीगर कामों की खानापूर्ति के लिए किसी डीएसपी को प्रभारी बना दिया। फिर कैलकुलेटर लेकर...कोयला से कितना आया, डीजल से इतना आया तो मन्नू कबाड़ी इस बार इतना कम क्यों दिया, फलां थाने के टीआई को बोलो, और बढ़ाए...इससे वक्त मिला तो सोशल मीडिया में वाहवाही मिलने वाले काम में व्यस्त। लेकिन, अब पुराने मामलों का निबटारा, गुमशुदा की तलाश, सायबर क्राईम और चिटफंड कंपनियों जैसे जानकारियों से एसपी साहब लोगों को अपडेट रहना पड़ रहा है। इसकी वजह यह है कि अब रेंज को एक्टिवेट किया गया है। रेंज आईजी अब वीसी के जरिये आए दिन एसपी लोगों को बिठाकर न केवल अपराधों का रिव्यू कर रहे बल्कि संजीदा मामलों की सुनवाई कर रहे हैं। कुल मिलाकर रेंज पुलिस की अहमियत बढ़ी है।

यादव दुखी?

छत्तीसगढ़़ मेंं कांग्रेस की सरकार बनने से पहले चंदन यादव प्रभारी सचिव बन गए थे। उन्होंने मेहनत करने में भी कोई कमी नहीं की। चुनाव के समय लंबे समय तक यहां डटे रहे। बिहार के रहने वाले चंदन सरकार बनने के बाद भी संगठन के कार्यो के सिलसिले में रायपुर आते रहते हैं। ऐसे में, बाहुबलि पप्पु यादव की पत्नी रंजीत रंजन का छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाना अखरेगा ही। पता चला है, चंदन पार्टी के फैसले से खुश नहीं है। बिहार से, यादव भी, छत्तीसगढ़ में काम भी...कांग्रेस नेताओं का कहना है, आखिर वे क्या बुरे थे।

अंत में दो सवाल आपसे

1. किस उर्जावान मंत्रीजी का नाम बताइये, जिन्होंने अपने एक सब इंजीनियर को वसूली मास्टर लिया है?

2. एक कलेक्टर का नाम बताइये, जो लोगों की शिकायतें और ज्ञापनों के लफड़े से बचने इन दिनों ऑफिस आना बंद कर दिए हैं?


बीजेपी के अष्टावक्र

 संजय के. दीक्षित

तरकश, 5 जून 2022

राजधानी रायपुर में हुई बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में एक ऐसा प्रसंग आया, जब माहौल थोड़ा तल्ख हो गया। दरअसल, बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करने के बाद नेताओं से सुझाव मांगा गया। इस दौरान पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि सरकार के प्रति भाषा काफी नरम है, और कड़ी होनी चाहिए थी। इस पर शिवरतन शर्मा ने कहा, आपसे बेहतर कौन कर सकता है....आप ही ठीक कर दीजिए। चंद्राकर का चेहरा थोड़ा लाल हुआ...बोले, राजा जनक की सभा में एक से बढ़कर एक लोग बैठे हैं, मैं कौन होता हूं। चंद्राकर की बात पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश मुस्कुराए...बोले, राजा जनक की सभा में अष्टावक्र भी होते थे...आप अष्टावक्र हैं। चंद्राकर बोले, मैं नहीं...आपके बगल में अष्टावक्र बैठे हैं...नेता प्रतिपक्षजी...काफी विद्वान हैं। चंद्राकर की तल्खी पर धरमलाल कौशिक थोड़ा असहज हुए। फिर बोले, आप कह रहे हो तो हां...मैं मान लेता हूं...मैं अष्टावक्र हूं। बात बिगड़ती देख शिवप्रकाश ने यह कहते हुए स्थिति संभाली कि आप सभी विद्वान लोग हैं, चलिये आगे की चर्चा शुरू की जाए। इस प्रसंग की बीजेपी के गलियारों में काफी चर्चा रही। वजह यह कि राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी जैसी नेताओं की मौजूदगी में जो हुआ।

कौन थे अष्टावक?

अष्टावक्र कहोड़ ऋषि के पुत्र थे। धर्मग्रंथों में लिखा है...उद्दालक ऋषि अपने शिष्य कहोड़ की प्रतिभा से प्रभावित होकर अपनी पुत्री सुजाता का विवाह कहोड़ से कर दिया। सुजाता के गर्भ ठहरने के बाद ऋषि कहोड़ सुजाता को प्रतिदिन वेदपाठ सुनाते थे। तभी सुजाता के गर्भ से बालक बोला- 'पिताजी! आप गलत पाठ कर रहे हैं। इस पर कहोड़ को क्रोध आ गया, बोले...तू अभी से अपने पिता को अपमानित कर रहा है। उन्होंने शाप दिया...तू आठ स्थानों से टेढ़ा होकर पैदा होगा। कुछ साल बाद कहोड़ ऋषि राजा जनक के दरबार में एक महान विद्वान बंदी से शास्त्रार्थ में हारने के करीब पहुंच गए। यह बात 12 बरस के अष्टावक्र तक पहुंची। वह दौड़ते-भागते जनक की सभा में पहुंचे और अपनी विद्वता से सभी को कायल कर दिया। राजा जनक खुद बालक अष्टावक्र के ज्ञान से प्रभावित होकर उन्हें अपना गुरू बना लिया।

सिंगल आर्डर

गरियाबंद कलेक्टर नम्रता गांधी को सरकार ने हटा दिया। फिलहाल उन्हें मंत्रालय में पोस्टिंग दी गई है। सुना है, व्यक्तिगत कारणों से वे अवकाश पर जा रही हैं। मगर खुद ब्यूरोक्रेसी के लोगों का मानना है, सिर्फ यही एक वजह नहीं हो सकती। नम्रता को हटाने की चर्चा दो महीने पहले भी चली थी। एक तो वहां पोस्ट करते समय जीएडी को यह ध्यान नहीं रहा कि गरियाबंद उनका ससुराल जिला है। राजिम में उनकी शादी हुई है। गृह जिला में वैसे भी पोस्टिंग होती नहीं। इसके अलावा दूसरी वजह....वे सुनती थोड़ी कम हैं। आज के दौर में कहें तो प्रैक्टिकल नहीं हैं। ऐसे में, गरियाबंद इलाके के सत्ताधारी पार्टी के नेता उनसे कैसे खुश रहते।

छप्पड़ फाड़ के

सीनियरिटी में पहले नम्बर के आईपीएस संजय पिल्ले भले ही डीजीपी नहीं बन पाए। लेकिन, इसके लिए वे किस्मत को दोष नहीं दे सकते। डीजी पुलिस को छोड़ दें तो उनसे ऐसी कोई पोस्टिंग नहीं छूटी, जो एक आईपीएस अधिकारी की हसरत होती है। और अब तो उपर वाले ने उन्हें ऐसा छप्पड़ फाड़कर दिया कि पूछिए मत! उनका बेटा अक्षय आईएएस बन गया है। सवाल है, आखिर कितने आईएएस, आईपीएस का बेटा आईएएस बनता है। संजय की किस्मत से लोगों को ईर्ष्या हो सकती है। इसलिए कि, बच्चे अगर काबिल नहीं हुए तो सारा धन-दौलत बेकार है। पिल्ले का अगले साल जुलाई में रिटायरमेंट हैं और उनकी पत्नी रेणु का 2028 में। यानी संजय को खुद के रिटायरमेंट के पांच साल बाद तक गाड़ी, बंगला की सुविधा बरकरार रहती। अब तो उनका बेटा भी आईएएस...। याने संजय पिल्ले को अब परमानेंट सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलता रहेगा।

देश में रिकार्ड

संजय पिल्ले के परिवार में एक रिकार्ड बना है...वह है लगातार तीसरी पीढ़ी में आईएएस बनने का। 91 बैच की आईएएस रेणु पिल्ले के पिता केआरके गुनेला आंध्र कैडर के 63 बैच के आईएएस थे। और गुनेला के नाती अक्षय बनेंगे आईएएस। आईएएस का बेटा या बेटी आईएएस, बहुत कम ही होते हैं। प्रदेश में एकाध ही ऐसा होता होगा। छत्तीसगढ़ में एसीएस टू सीएम सुब्रत साहू के पिता उड़ीसा के चीफ सिकरेट्री रहे। कार्तिकेय गोयल के पिता भी आईएएस रहे हैं और अभी तेलांगना के मुख्यमंत्री के एडवाइजर की भूमिका निभा रहे हैं। मगर तीसरी पीढ़ी में आईएएस...देश में शायद यह पहली बार हुआ होगा।

डेपुटेशन की चर्चा

2006 बैच के आईएएस अंकित आनंद को मुख्यमंत्री सचिवालय का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। याने सिकरेट्री पावर के साथ ही बिजली कंपनियों के चेयरमैन वे बने रहेंगे। विभागीय जिम्मेदारी की दृष्टि से देखें तो अंकित काफी वजनदार हो गए हैं। इससे पहले उर्जा सिकरेट्री और बिजली कंपनियों के चेयरमैन के साथ ही सिकरेट्री टू सीएम का दायित्व किसी के पास नहीं रहा। अजय सिंह बिजली बोर्ड के चेयरमैन के साथ सिकरेट्री पावर थे मगर सीएम सचिवालय में नहीं। बैजेंद्र कुमार सिकरेट्री पावर के साथ एसीएस टू सीएम थे मगर बिजली कंपनियों के चेयरमैन नहीं...शिवराज सिंह तब चेयरमैन थे। अंकित के पास ये तीनों अहम जिम्मेदारी हांगी। बहरहाल, इसमें खबर यह है कि अंकित की पोस्टिंग के साथ ही ब्यूरोक्रेसी में सीएम सचिवालय के किसी अफसर के डेपुटेशन पर जाने की अटकलें शुरू हो गई है। वह इसलिए कि इससे पहले सीएम सचिवालय में कभी पांच सिकरेट्री रहे नहीं। अभी सुब्रत साहू, सिद्धार्थ परदेशी, डीडी सिंह, एस भारतीदासन के बाद अब अंकित।

छत्तीसगढ़ का दबदबा?

चंद्रशेखर गंगराड़े के रिटायरमेंट के बाद दिनेश शर्मा ने विधानसभा सचिव का पदभार संभाल लिया है। छत्तीसगढ़ बनने के बाद 22 साल में यह पहला मौका होगा, जब कोई छत्तीसगढ़ियां अफसर इस पद पर बैठा है। वरना, अभी तक होता वही था, जो भोपाली अधिकारी चाहते थे। बैक डोर नियुक्ति हो या प्रमोशन, लोकल अधिकारियों, कर्मचारियों की कोई सुनवाई नहीं थी। राजनैतिक प्रभाव के कारण नियम विरुद्ध नियुक्ति, पदोन्नति एवं व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों में बार-बार संशोधन कर उन्हें गैर वाजिब लाभ पहुंचाया गया। अब दिनेश शर्मा के विस सचिव बनने पर विस अधिकारियों, कर्मचारियों को अब ठीक-ठाक होने की उम्मीद जगी है।

आखिरी बात हौले से

राज्य सभा प्रत्याशियों को विधायकों से परिचय कराने सीएम हाउस में बैठक हुई। इसमें एक भी विधायक के चेहरे पर खुशी का भाव नहीं था...सबके चेहरे उतरे हुए। उधर, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन भी हैरान...स्तब्ध। बताते हैं, वे इसलिए आवाक थे कि उन्होंने अपने राज्य यूपी, बिहार में 30 साल में कांग्रेस की इतनी संख्या में कभी विधायक नहीं देखें।

अंत में दो सवाल आपसे

1. क्या रायपुर के किसी प्रभावशाली नेता का कद कटिंग करने सियासी झटका मिल सकता है?

2. किस मंत्री ने अपना कमीशन बढ़ाकर 35 फीसदी कर दिया है?